मेक्सिको में भारतीयों के लिए दूतावास ने जारी की एडवायजरी

Update: 2026-02-23 05:22 GMT



मेक्सिको में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एक जरूरी एडवायजरी जारी की है।




दूतावास के अनुसार, मेक्सिको के कई राज्यों में इस समय सुरक्षा बलों द्वारा बड़े स्तर पर ऑपरेशंस चलाए जा रहे हैं, जिसके कारण सड़कों पर जाम और आपराधिक गतिविधियों की खबरें मिल रही हैं। विशेष रूप से जलिस्को (प्यूर्टो वालार्टा, चापाला और ग्वाडलाहारा क्षेत्र), तमाउलिपास (रेनोसा और अन्य नगर), मिचोआकन, गुएरेरो और न्यूवो लियोन में रह रहे भारतीयों को अगली सूचना तक सुरक्षित स्थानों पर ही रहने की सख्त हिदायत दी गई है।

भारतीय दूतावास ने नागरिकों से अपील की है कि वे कानून प्रवर्तन गतिविधियों वाले क्षेत्रों से दूर रहें, भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें और केवल जरूरी होने पर ही बाहर निकलें। स्थानीय मीडिया के अपडेट्स पर नजर रखने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

किसी भी आपात स्थिति में 911 पर कॉल करने की सलाह दी गई है। सहायता के लिए भारतीय नागरिक +52 55 4847 7539 पर दूतावास से संपर्क कर सकते हैं। दूतावास ने नागरिकों को अपनी लोकेशन और सेहत की जानकारी परिवार व मित्रों के साथ साझा करते रहने की भी सलाह दी है। सरकार स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है।


 



Similar News