पश्चिम बंगाल में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होते ही निर्वाचन आयोग बेहद सख्त एक्शन मोड में नजर आ रहा है। चुनाव सदन ने तत्काल प्रभाव से कड़ा कदम उठाते हुए राज्य की वर्तमान मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा को उनके पदों से हटा दिया है। इस बड़ी कार्रवाई के तहत आयोग ने दुष्यंत नारियाला को नया मुख्य सचिव और संघमित्रा घोष को नया गृह सचिव नियुक्त किया है।
निर्वाचन आयोग ने अपने इस आदेश को तुरंत लागू करवाकर सोमवार दोपहर 3 बजे तक अनुपालन रिपोर्ट तलब की है। आयोग ने यह भी साफ कर दिया है कि हटाए गए दोनों वरिष्ठ अधिकारी चुनाव समाप्त होने तक किसी भी चुनाव संबंधी जिम्मेदारी में शामिल नहीं होंगे। इस सख्त एक्शन के बाद अब पुलिस आयुक्त और राज्य पुलिस के डीजी को भी हटाए जाने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।