राष्ट्रपति दौरे से पहले अयोध्या सजी, राम मंदिर में श्री राम यंत्र स्थापना की तैयारी
अयोध्या में 19 मार्च को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां चरम पर हैं। उनके आगमन पर शहर को भव्य और सांस्कृतिक स्वरूप में सजाया जा रहा है। राष्ट्रपति राम मंदिर के द्वितीय तल पर श्री राम यंत्र की स्थापना करेंगी। महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट से राम मंदिर तक करीब 20 सांस्कृतिक मंच तैयार किए जा रहे हैं, जहां 250 कलाकार रामायण आधारित प्रस्तुतियां देंगे।
पूरे मार्ग पर भजन, लोकनृत्य और झांकियों से भक्तिमय माहौल बनेगा। संभावना है कि राष्ट्रपति हेलीकॉप्टर से साकेत महाविद्यालय पहुंचेंगी और वहां से सड़क मार्ग से मंदिर जाएंगी। उनका करीब पांच घंटे का कार्यक्रम प्रस्तावित है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एसटीएफ, एटीएस, सीआरपीएफ, पीएसी और पुलिस बल तैनात रहेगा। यह आयोजन अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत को भी नई पहचान देगा।