राष्ट्रपति के तीन दिवसीय दौरे को लेकर मथुरा में हाई अलर्ट, वृंदावन-गोवर्धन में जोरदार तैयारियां

Update: 2026-03-18 05:10 GMT



 राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 19 मार्च से प्रस्तावित तीन दिवसीय दौरे को लेकर मथुरा के वृंदावन, गोवर्धन और राधाकुंड में तैयारियां जोरों पर हैं। धर्मनगरी को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है और बिजली, पानी, सफाई, सुरक्षा व यातायात की व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप, एडीजी अनुपमा कुलश्रेष्ठ, डीआईजी शैलेश पांडे, जिलाधिकारी सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार सहित अधिकारियों ने सभी प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण किया।

टीम ने रामकृष्ण मिशन अस्पताल, उड़िया बाबा आश्रम, नीम करोली आश्रम और वात्सल्य ग्राम में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए त्रिस्तरीय व्यवस्था लागू की गई है। सादे कपड़ों में पुलिस, पीएसी और सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान भी जारी किया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति 19 से 21 मार्च तक विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगी और रामकृष्ण सेवाश्रम अस्पताल में नई विंग का लोकार्पण भी करेंगी। ब्रजवासियों में उनके स्वागत को लेकर खासा उत्साह है।

Similar News