संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण जारी है। दोनों सदनों में आज अहम विधायी कार्य सूचीबद्ध हैं। लोकसभा में आज 'वित्त विधेयक, 2026' पर चर्चा जारी रहेगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण विधेयक को पारित करने का प्रस्ताव रखेंगी। इसके अलावा, दिवाला और शोधन अक्षमता संहिता (संशोधन) विधेयक 2025 भी सूचीबद्ध है।
वहीं, संसद के उच्च सदन राज्यसभा की कार्यसूची में आज 3 विधेयक शामिल हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण कॉरपोरेट विधियां (संशोधन) विधेयक, 2026 को दोनों सदनों की संयुक्त समिति को भेजने का प्रस्ताव पेश करेंगी। साथ ही केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सामान्य प्रशासन) विधेयक, 2026 भी आज सूचीबद्ध है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह विधेयक पर चर्चा का प्रस्ताव रखेंगे। वहीं ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) संशोधन विधेयक, 2026 विचार और पारित किए जाने के लिए सूचीबद्ध है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार इस पर चर्चा और इसे पारित करने का प्रस्ताव करेंगे।