चारधाम यात्रा: आज खुलेंगे गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट

Update: 2026-04-19 06:53 GMT


पवित्र चारधाम यात्रा की शुरुआत आज अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर हो रही है। इसी के साथ उत्तराखंड में विश्वप्रसिद्ध गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो जाएगा।

यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए उत्तराखंड सरकार ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा, स्वास्थ्य और यातायात से जुड़े विशेष इंतजाम किए गए हैं।

यमुनोत्री धाम के कपाट आज दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर खोले जाएंगे, जबकि गंगोत्री धाम के कपाट 12 बजकर 15 मिनट के शुभ मुहूर्त पर खुलेंगे। गंगोत्री धाम में इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और भक्तों में खास उत्साह देखा जा रहा है।

मां गंगा की डोली के मंदिर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। डोली के पहुंचते ही मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना होगी और इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए कपाट खोल दिए जाएंगे।

चारधाम यात्रा उत्तराखंड की सबसे प्रमुख धार्मिक यात्राओं में से एक है, जिसमें यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ धाम शामिल हैं। यमुनोत्री धाम को यमुना नदी का उद्गम स्थल माना जाता है और यहां मां यमुना की पूजा होती है, जबकि गंगोत्री धाम को गंगा नदी का पवित्र उद्गम स्थल माना जाता है और यहां मां गंगा की आराधना की जाती है। ये दोनों धाम उत्तरकाशी जिले के ऊंचे हिमालयी क्षेत्र में स्थित हैं।

Similar News