सीएम योगी का अयोध्या दौरा आज, करोड़ों की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

Update: 2026-06-19 04:26 GMT



अयोध्या में आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का महत्वपूर्ण दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान वह अयोध्या धाम और रुदौली विधानसभा क्षेत्र को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री अपने दौरे की शुरुआत रामलला और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन से करेंगे। इसके बाद वह मणिरामदास छावनी में राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास के जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। साथ ही वह जैन मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में भी सहभागिता करेंगे।

रुदौली विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री मां कामाख्या धाम नगर पंचायत को 25 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात देंगे। यहां वीरांगना झलकारी बाई कोरी की प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा। इसके साथ ही 126 विकास रियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। लगभग 378 करोड़ रुपये की लागत से बने आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, बाबा बाजार नवीन थाना भवन और अन्य भवनों का उद्घाटन भी किया जाएगा।

अयोध्या नगर निगम क्षेत्र में 291 करोड़ रुपये की लागत वाली 245 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास होगा। मुख्य कार्यक्रम रामायण वैक्स म्यूजियम परिसर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्मार्ट स्कूल, मल्टीलेवल पार्किंग, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, वर्किंग वुमन हॉस्टल, जल निकासी और यातायात प्रबंधन जैसी योजनाएं शामिल हैं।

Similar News