दुर्गा पूजा के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल में करेंगे 'पूजोर शुभेच्छा'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महाषष्ठी के अवसर पर आज कोलकाता में होने वाले दुर्गा पूजा में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल होंगे। पीएम मोदी ने ट्वीट कर बुधवार शाम को इसकी जानकारी साझा की। पीएम मोदी ने ट्वीट किया कि पश्चिम बंगाल के भाइयों और बहनों, कल मां दुर्गा पूजा का महाषष्ठी का शुभ दिन है। मैं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पूजा समारोह में शामिल होऊंगा। प्रोग्राम में आप भी लाइव जुड़ें। पीएम मोदी ने कहा कि दुर्गा पूजा वह शुभ अवसर है जब बुराई पर अच्छाई की जीत का जश्न मनाया जाता है। हम मां दुर्गा से प्रार्थना करते हैं कि वे हमें शक्ति, खुशी और अच्छे स्वास्थ्य के लिए आशीर्वाद दें। वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे राज्य में दुर्गा पूजा के उत्सव की शुरुआत के मौके पर लोगों को 'पूजोर शुभेच्छा' (पूजा की शुभेच्छा) कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री संदेश देंगे। भाजपा सूत्रों ने बताया कि राज्य के 78,000 मतदान केंद्रों में प्रत्येक केंद्र पर 25 से अधिक कार्यकर्ता या समर्थक उचित दूरी का पालन करते हुए इस कार्यक्रम को देखेंगे और सुनेंगे।
राज्य भाजपा ने इस कार्यक्रम के लाइव प्रसारण की व्यवस्था की है। पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ राज्य में भाजपा एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी के रूप में उभरी है। भाजपा को भरोसा है कि वह अगले चुनाव में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के 10 सालों के शासन का अंत करेगी।
अराधना मौर्या