अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत को एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी मिली है। आईसीसी ने 2035 तक के ग्लोबल क्रिकेट कैलेंडर को मंजूरी दे दी है और इस शेड्यूल में भारत के हिस्से दो बड़े आईसीसी टूर्नामेंट आए हैं।

भारत 2029 में चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा, जबकि 2031 में बांग्लादेश के साथ मिलकर वनडे विश्व कप आयोजित करेगा। यानी आने वाले वर्षों में भारतीय क्रिकेट फैंस को दो बड़े वैश्विक टूर्नामेंट का रोमांच घरेलू मैदान पर देखने को मिलेगा।

इस कैलेंडर में पुरुष टी20 विश्व कप, वनडे विश्व कप, चैंपियंस ट्रॉफी और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल को शामिल किया गया है। चैंपियंस ट्रॉफी 9 से 28 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी।

भारत को 2006 के बाद पहली बार इस टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है। वहीं, 2031 में वनडे विश्व कप भारत और बांग्लादेश में संयुक्त रूप से 9 अक्टूबर से 23 नवंबर तक आयोजित होगी।

2028 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड संयुक्त रूप से टी20 विश्व कप की मेजबानी करेंगे, जबकि 2030 में इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड मेजबान होंगे। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की मेजबानी भी इंग्लैंड के पास रहेगी। 2029 और 2031 के फाइनल इंग्लैंड में खेले जाएंगे।