रायपुर :स्कूली बच्चों की फर्राटेदार अंग्रेजी सुनकर प्रभावित हुए मुख्यमंत्री बघेल

Update: 2021-01-11 05:34 GMT


रायपुर, 11 जनवरी  ।मुख्यमंत्री ने किया स्वामी आत्मानंद इंग्लिश स्कूल का विधिवत लोकार्पण किया उन्होंने इस अवसर पर परिसर में जनप्रतिनिधियों के साथ वृक्षारोपण भी किया। बघेल ने इंग्लिश स्कूल में संचालित गतिविधियों की सराहना करते हुए वहां विजिटर्स बुक में विद्यालय की शिक्षकों तथा छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने वाली पंक्तियां लिखी। मुख्यमंत्री रविवार को बीजापुर में स्वामी आत्मानंद में शासकीय इंग्लिश स्कूल के लोकार्पण कार्यक्रम पहुंचे थे।

लोकार्पण के समय स्कूल के छोटे-छोटे बच्चों ने फर्राटेदार अंग्रेजी में बातचीत करके मुख्यमंत्री को विस्मित कर दिया। मुख्यमंत्री ने यहां बच्चों के साथ सेल्फी ली और जनप्रतिनिधियों के साथ कैरम खेल का आनंद भी लिया।

मुख्यमंत्री ने लोकार्पण के बाद विद्यालय का अवलोकन किया और वहां छात्र-छात्राओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्हाेंने विद्यालय के छात्राओं के द्वारा तैयार आकर्षक रंगोली और छात्र-छात्राओं द्वारा संयुक्त रूप से कबाड़ से जुगाड़, छत्तीसगढ़ का आर्थिक विकास पर आधारित मॉडल का भी अवलोकन किया। उन्होंने अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय को उनके नाम के अनुरूप आने वाले समय में उत्कृष्टता प्रदान करने के लिए प्रेरित किया।

स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश स्कूल में कक्षा पहली से बारहवीं तक की कक्षाएं संचालित है। विद्यालय में 500 विद्यार्थी अध्ययनरत है। विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए मॉडयूलर फर्निचर और आधुनिक प्रयोगशाला, विभिन्न प्रकार के खेल की सुविधा उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश स्कूल के मैदान में बीजापुर स्कूल अकादमी कराटे टीम के प्रदर्शन को देखा और उनके प्रदर्शन को सराहा।

  इस अवसर पर राजस्व व आपदा प्रबंधन मंत्री जयसिंह अग्रवाल, वाणिज्य और उद्योग मंत्री कवासी लखमा, बस्तर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विक्रम मंडावी एवं संतराम नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुडियम, नगरपालिका अध्यक्ष बेनहूर रावतिया, बस्तर संभाग के कमिशनर जी. आर. चुरेंद्र, आई.जी. पी. सुंदरराज, कलेक्टर रितेश अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक कमलोचन कश्यप, विद्यालय के प्राचार्य अमित गांधरला, शिक्षक-शिक्षकाएं और छात्र-छात्राएं तथा अभिभावकगण उपस्थित थे।



हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र

Submitted By: Gevendra Prasad Patel Edited By: Keshav Kedar Nath Sharma Published By: Keshav Kedar Nath Sharma at Jan 11 2021 10:24AM

Similar News