मथुराः यमुना एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर बस पलटी, 40 यात्री घायल, 10 गंभीर रुप से घायल
मथुरा में नोएडा से बिहार जा रही एक स्लीपर कोच बस यमुना एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन 76 के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में करीब 70 यात्री सवार थे। हादसे के बाद बस के अंदर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस के शीशे तोड़कर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इस हादसे में लगभग 40 यात्री घायल हो गए, जिनमें 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
हादसे के कारण हाईवे पर यातायात बाधित हो गया था, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से बस हटवाकर करीब एक घंटे में सामान्य कर दिया। उत्तर प्रदेश पुलिस और 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। नौहझील थाना प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक द्वारा नियंत्रण खोना हादसे का कारण माना जा रहा है। चालक और परिचालक मौके से फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।