राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तेजी से बढ़ती कोरोना मरीजों की संख्या के चलते मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आपातकालीन बैठक बुलाई है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी इस बैठक में शामिल होंगे। माना जा रहा है कि बैठक में सीएम अरविंद केजरीवाल लगातार बढ़ते कोरोना के केसों और उनकी रोकथाम को लेकर अधिकारियों से बातचीत करेंगे।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक कोरोना संक्रमित मरीज भले ही अधिक मिले हों, लेकिन संक्रमण दर में अधिक बढ़ोत्तरी नहीं मिली है। पिछले एक दिन में 80856 सैंपल की जांच हुई है जिनमें से 0.66 फीसदी संक्रमित मिले हैं। इस दौरान तीन मरीजों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि 319 मरीजों को डिस्चॉर्ज किया गया।
बता दें कि भारत में 1 अप्रैल को कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा दैनिक मामले रिकॉर्ड किए गए। पिछले एक दिन में देश में 72,330 केस सामने आए हैं, और 459 लोगों की मौत हो गई। ये साल 2021 में दैनिक सबसे ज्यादा मामले हैं। भारत में एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 5.84 लाख पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देश में अब तक 6.51 करोड़ लोगों को वैक्सीन दी जा चुकी है।
अराधना मौर्या