कोरोना कहर के चलते ओडिशा में एक जून तक लगा लॉकडाउन, रहेगी सख्ती.....

Update: 2021-05-18 16:34 GMT

ओडिशा में कोरोना के कहर को देखते हुए राज्य सरकार ने लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला किया है. नवीन पटनायक सरकार ने राज्य में एक जून तक के लिए लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान किया है.

इससे पहले 19 मई तक के लिए ओडिशा में पाबंदियां थीं. राज्य में कोविड-19 महामारी के संक्रमण को रोकने के लिए सरकार ने यह कदम उठाया है. वहीं वीकेंड पर यानी शुक्रवार शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक राज्य में कंप्लीटली लॉकडाउन रहेगा यानि कि सब कुछ पूरी तरह से बंद रहेगा.

सरकार ने राज्य में तेजी से बढ़ते हुए कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से यह कदम उठाया है.

ओडिशा की नवीन पटनायक सरकार की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया है कि राज्य में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए 19 मई से 1 जून सुबह पांच बजे तक लॉकडाउन रहेगा. आपको बता दें कि इसके पहले भी नवीन पटनायक सरकार ने 14 दिनों के लिए राज्य में पूर्ण लॉकडाउन लगा रखा है जिसे फिर से 14 दिनों के लिए आगे बढ़ाने का फैसला किया गया है.

बता दें कि ओडिशा में आज 10,321 और लोगों में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि होने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 6,33,302 हो गई है जबकि संक्रमण से 22 और लोगों के दम तोड़ने से मृतकों की संख्या 2,357 हो गई है.

राज्य में एक्टिव मरीजों की संख्या 1,04,539 हो गई है. अधिकारी ने बताया कि 10,321 नए मामलों में से 5,779 संक्रमितों की पुष्टि विभिन्न क्वारंटीन सेंटरों से हुई और शेष मरीजों की पुष्टि संक्रमित मरीज के संपर्क में आए लोगों की जांच के दौरान हुई.

अराधना मौर्या

Similar News