कोरोना महामारी के चलते सीबीएसई के बाद मध्य प्रदेश बोर्ड ने भी अपने यहां 12वीं की परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला किया है। बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने परीक्षा के रद्द किए जाने की घोषणा की। इससे पहले कोरोना वायरस के बढ़ते हुए संक्रमण को देखते हुए इससे पहले मध्य प्रदेश बोर्ड ने 10वीं की परीक्षा को रद्द कर दिया था।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में 12वीं बोर्ड की परीक्षा इस वर्ष आयोजित नहीं की जाएगी। बच्चों की जिंदगी हमारे लिये अनमोल है, करियर की चिंता हम बाद में कर लेंगे। ऐसे समय जब पूरा देश और प्रदेश कोरोना का संकट झेल रहा है तब बच्चों पर परीक्षाओं का मानसिक बोझ डालना उचित नहीं है।
उधर, मंगलवार को सीबीएसई की 12 वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं रद्द की जा चुकी हैं। मंगलवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को सीबीएसई की बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
सीबीएसई के साथ ही आईसीएसई ने भी 12वीं की बोर्ड परिक्षाएं रद्द करने का निर्णय लिया है। बैठक में निर्णय लिया गया कि बारहवीं कक्षा के छात्रों का परिणाम बेहतर मानदंड के अनुसार समयबद्ध तरीके से घोषित किया जाएगा।
अराधना मौर्या