बिहार सरकार ने बेगूसराय के छात्रों को बड़ा दिया तोहफा 13 को खुलेगा विश्वविद्यालय के बंद विस्तार केंद्र का ताला
बेगूसराय, 11 जनवरी।13 जनवरी से बेगूसराय के जी.डी. कॉलेज में विश्वविद्यालय का विस्तार केंद्र शुरू हो रहा है। स्थापना काल के करीब छह माह बाद ही 2017 से बंद पड़े इस विस्तार केंद्र के शुरू हो जाने से छात्रों की एक बड़ी समस्या का समाधान हो जाएगा। नए साल के शुरुआत में बिहार सरकार ने बेगूसराय के छात्रों को बड़ा तोहफा दिया है। यहां के छात्रों को अब ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय दरभंगा का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय दरभंगा में लिये जाने वाले सभी प्रपत्र, शुल्क आदि प्राप्त कर उन्हें विश्वविद्यालय द्वारा निर्गत किये जाने वाले प्रवेश पत्र, अंक पत्र, प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा परीक्षा से संबंधित सभी काम, नाम सुधार एवं जन्मतिथि में सुधार आदि के कार्य भी यहीं होंगे।
बेगूसराय के आठ डिग्री कॉलेज के स्नातक एवं स्नाकोत्तर के करीब 50 हजार छात्र-छात्राओं को हर वर्ष विश्वविद्यालय का चक्कर लगाने के लिए दरभंगा जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। तमाम छात्र संगठन द्वारा इसके लिए लगातार आंदोलन किए जाने के बाद तीन मई 2016 को आयोजित विश्वविद्यालय अभिषद की बैठक में विश्वविद्यालय की ओर से जीडी कॉलेज में विस्तार केंद्र खोलने का निर्णय लेकर दस जुलाई 2016 को अधिसूचना जारी की गई। 12 जुलाई 2016 को इस विस्तार केंद्र का उद्घाटन तत्कालीन सरकार में शिक्षा मंत्री डॉ. अशोक कुमार चौधरी ने किया था।
जीडी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. रामअवधेश कुमार ने बताया कि ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा बनाया गया विस्तार केंद्र लंबे समय से बंद पड़ा था। लेकिन अभी की बिहार सरकार का शिक्षा विभाग काफी तत्परता से कार्य कर रहा है और इस विस्तार केंद्र की शुरुआत की जा रही है। इसके लिए शिक्षा मंत्री और कुलपति विशेष रूचि ले रहे हैं। कॉलेज के अंग्रेजी विभाग के एचओडी प्रो. कमलेश कुमार को इसका नोडल अधिकारी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि यहां के छात्र संगठनों में बहुत बड़ी बौद्धिक क्षमता है, जिनके संघर्ष के बल पर विस्तार केंद्र की शुरुआत की जा रही है, अब इसे बंद नहीं होने दिया जाएगा।