मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया की उपस्थिति में ग्रामीण डाक सेवक सम्मेलन का आयोजन आज
उज्जैन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में मंगलवार 24 फरवरी को शाम 5 बजे से भारतीय डाक विभाग द्वारा ग्रामीण डाक सेवक (जीडीएस) सम्मेलन का आयोजन कार्तिक मेला ग्राउंड पर किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय संचार एवं उत्तरपूर्व क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया करेंगे। कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, जल संसाधन मंत्री मध्य प्रदेश शासन तुलसीराम मिलावट, उज्जैन आलोट लोकसभा सांसद अनिल फिरोजिया, इंदौर लोकसभा सांसद शंकर लालवानी, विधायक उज्जैन (उत्तर) अनिल जैन (कालूहेडा) सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी सम्मिलित होंगे। उल्लेखनीय है कि इस सम्मेलन का उद्देश्य ग्रामीण डाक सेवकों के समर्पण और सेवा को सम्मानित करना है।
ये ग्रामीण क्षेत्रों में इंडिया पोस्ट की रीड़ हैं। सम्मेलन का उद्देश्य लोगों को जोड़ने तथा ग्रामीण भारत में डाक, बैंकिंग और बीमा सेवाओं का विस्तार करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार करना भी है। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश परिमंडल के विभिन्न संभागो से 6500 से 7000 ग्रामीण डाक सेवक शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय संचार मंत्री श्री सिंधिया ग्रामीण डाक सेवा समुदाय के साथ बातचीत करेंगे। आधुनिक और नागरिक केंद्रित डाक नेटवर्क के लिए अपने दृष्टिकोण के बारे में बताएंगे और उन्हें ग्रामीण समुदायों की सरकारी और वित्तीय सेवाएं प्रदान करते विभाग को लाभ की स्थिति तक लाने में उनकी भूमिका को और मजबूत करने के लिए प्रेरित करेंगे।
सम्मेलन के अंतर्गत श्री सिंधिया डाक और पार्सल वितरण, नए बचत खाते खोलने, डाक जीवन बीमा (पीएलआई) और ग्रामीण डाक जीवन बीमा (आरपीएलआई) पॉलिसी खरीदने, ग्रामीण क्षेत्रों में लाभार्थियों को सीधे भुगतान जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट और सर्वश्रेष्ठ कार्य निष्पादन करने वाले ग्रामीण डाक सेवकों को सम्मानित करेंगे। यह सम्मेलन ग्रामीण भारत में सार्वजनिक सेवा वितरण के प्रवेश द्वार के रूप में इंडिया पोस्ट को सशक्त बनाने, प्रत्येक डाकघर को नागरिक-केंद्रित सेवाओं के केंद्र में बदलने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए उत्प्रेरक के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।