घटना से दुखी हूं, दोषी बख्शे नहीं जाएंगे…हाथरस कांड के बाद सामने आया भोले बाबा का पहला Video

Update: 2024-07-06 11:32 GMT

उत्तर प्रदेश के हाथरस में दो जुलाई को सत्संग के बाद मची भगदड़ में 121 लोगों की मौत हुई। इस मामले में अब सूरजपाल उर्फ ​​’भोले बाबा’ का पहला बयान सामने आया है। इसमें उसने हादसे पर दुख जताते हुए सरकार और प्रशासन से अपेक्षा की है कि अराजकता फैलाने वाले किसी भी व्‍यक्ति को बख्‍शा न जाए। मामले में शुक्रवार को मुख्‍य आरोपी मधुकर को गिरफ्तार किया गया। भोले भोले बाबा हादसे के बाद से ही गायब है। उसके मैनपुरी के बिछवां स्थित आश्रम में छिपे होने की आशंका जताई जा रही है।

नारायण हरि साकार के नाम से प्रसिद्ध सूरजपाल उर्फ भोले बाबा ने एक वीडियो बयान में कहा है ‘… मैं 2 जुलाई की घटना के बाद बहुत दुखी हूं। भगवान हमें इस दर्द को सहन करने की शक्ति दें।’ भोले बाबा ने लोगों से सरकार और प्रशासन से विश्वास बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि अराजकता फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा…।

इस वीडियो में सूरजपाल उर्फ भोले बाबा ने दावा किया कि उसने अपने वकील एपी सिंह के माध्यम से समिति के सदस्यों से शोक संतप्त परिवारों और घायलों के साथ खड़े रहने और जीवन भर उनकी मदद करने का अनुरोध किया है।

हादसे वाले दिन शाम 4:35 बजे तक भोले बाबा की लोकेशन मिलती रही। उसकी आखिरी लोकेशन मैनपुरी ही मिली थी। उसके बाद से फोन बंद जा रहा है। बाबा के मैनपुरी के बिछवां स्थित आश्रम में छिपे होने की आशंका है। बाबा की ओर से जारी किया गया स्पष्टीकरण पत्र भी मैनपुरी आश्रम से ही निकला था।

हाथरस कांड मुख्य आरोपी मधुकर गिरफ्तार

हाथरस में हुए हादसे के मुख्य आरोपी देव प्रकाश मधुकर को शुक्रवार को देर शाम दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया। हाथरस के एसपी निपुण अग्रवाल ने इसकी पुष्टि की है। उधर मधुकर के अधिवक्ता ए पी सिंह का दावा है कि उसने खुद पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया है। यूपी पुलिस ने देव प्रकाश मधुकर पर एक लाख का इनाम घोषित किया था। हादसे के बाद फरार चल रहे मधुकर के विरुद्ध हाथरस जिले के सिकंदराराऊ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मधुकर नारायण हरि साकार उर्फ भोले बाबा का मुख्य सेवादार है।

Similar News