CBSE की 10वीं की परीक्षाएं रद्द, पीएम और शिक्षा मंत्री के बीच हुई बैठक में हुआ फैसला

Update: 2021-04-14 12:07 GMT


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिक्षा मंत्री रमेश पोखिरयाल निशंक के बीच चल रही बैठक खत्म हो गई है. कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच आगामी बोर्ड परीक्षा होगी या नहीं, इसको लेकर बड़ा फैसला लिया गया है. 10वीं की परीक्षा रद्द, 12वीं की परीक्षा स्थगित हो गई है.

हालांकि, अभी यह तय नहीं है कि 10वीं के छात्रों का मूल्यांकन किस आधार पर होगा. पीएम नरेंद्र मोदी और शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल 'निशंक' की बैठक दोपहर में 12 बजे शुरू हो गई थी. तब से ही सब कयास लगा रहे हैं कि आज परीक्षाओं को लेकर कोई अहम फैसला लिया जाएगा.

1 लाख से ज्यादा छात्रों ने change.org पर ऑनलाइन याचिका दायर कर परीक्षाओं को स्थगित करने की मांग की थी. देश के मौजूदा हालात को देखते हुए कोई भी ऑफलाइन परीक्षा देने की हिम्मत नहीं कर पा रहा है.

CBSE 10वीं के पेपर्स जो कि 4 मई से 14 जून तक होने थे, उन्हें पूरी तरह से रद्द कर दिया गया है. बोर्ड की ओर से छात्रों के परफॉर्मेंस के आधार पर नंबर्स दे दिए जाएंगे. यदि छात्र नंबर्स से खुश नहीं होगा तो उसकी बाद में परीक्षा ली जा सकेगी. भोपाल के सतीश शर्मा अपनी बेटी की 10वीं की परीक्षा के लिए चिंतित थे, लेकिन वो परीक्षा रद्द कर दी गई. अब इन बच्चों के अंदरूनी नंबरों के आधार पर रिजल्ट आएगा.

बता दें कि ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन भी 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं को टालने की मांग कर चुकी है. एसोसिएशन की तरफ से शिक्षा मंत्रालय को चिट्ठी लिखी गई थी. छात्रों ने भी सोशल मीडिया पर #CancelBoardExam2021 कैंपेन चलाया है. CBSE की बोर्ड परीक्षाओं में 10वीं और 12वीं को मिलाकर 30 लाख से ज्यादा स्टूडेंट शामिल होने वाले थे.

अराधना मौर्या

Similar News