प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, रक्षा मंत्री और भाजपा अध्यक्ष आएंगे छत्तीसगढ़

Update: 2024-03-18 10:03 GMT

 भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक व पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में बताया है कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का छत्तीसगढ़ प्रवास होगा।इसी क्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में सभाएं लेकर प्रचार करेंगे। पार्टी की चुनावी तैयारियों की विस्तार से चर्चा करते हुए भाजपा कार्यालय में श्री शर्मा ने बताया कि भाजपा ने लोकसभा चुनाव की दृष्टिकोण से छत्तीसगढ़ को तीन कलस्टरों में विभाजित कर प्रभारी व सह प्रभारियों की नियुक्ति की।

इसी प्रकार संभाग प्रभारी एवं सह प्रभारियों की नियुक्तियां की गई है। शर्मा ने कहा कि आचार संहिता लगने से पहले ही पूरे 11 उम्मीदवारों की घोषणा होने का बाद लोकसभा क्षेत्रों एवं विधानसभा क्षेत्रों में लोकसभा चुनाव कार्यालय का शुभारंभ हो चुका है। सभी लोकसभा प्रत्याशियों का अपने-अपने लोकसभा क्षेत्रों में सघन दौरा प्रारंभ हो चुका है।चुनाव सुचारू रूप से संचालित करने के लिए चुनाव प्रबंधन संयोजक व सह प्रबंधकों की नियुक्ति हो चुकी है। प्रधानमंत्री मोदी के 10 वर्ष के एवं भाजपा की प्रदेश सरकार के तीन माह के कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में तीन-तीन प्रचार रथ चलेंगे।भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक शर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव सम्पन्न होने बाद से ही भाजपा ने लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित करते हुए विभिन्न कार्यक्रमों की रचना की। इस क्रम में गाँव चलो अभियान का प्रारंभ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया।

इस अभियान के तहत प्रदेश के 20 हजार गांवों में भाजपा कार्यकर्ता गए। इस अभियान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर में, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव रायपुर ग्रामीण में एवं गांव चलो अभियान के प्रदेश संयोजक नारायण चंदेल जांजगीर में प्रवास कर 24 घंटे का समय व्यतीत किए। सांगठनिक 35 जिलों के 280 स्थानों पर शक्ति वंदन कार्यक्रम किया गया।भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सरोज पांडेय के नेतृत्व में शक्ति वंदन अभियान के तहत 8 एवं 9 फरवरी 2024 को जिलास्तरीय एनजीओ एवं महिला स्व. सहायता समूह का संवाद कार्यक्रम किया गया।

शर्मा ने बताया कि वादे के मुताबिक प्रदेश सरकार ने अब तक प्रदेश के 10 हजार से अधिक लोगों को भगवान श्रीराम लला के दर्शन के लिए अयोध्या श्रद्धा ट्रेन के माध्यम से भेजा है। छत्तीसगढ़ के सभी लोगों के लिए भाजपा की प्रदेश सरकार श्रीराम लला के दर्शन हेतु विशेष ट्रेन चला रही है। प्रदेश में चल रहे लाभार्थी सम्पर्क अभियान के तहत लाभार्थियों के घर-घर हमारे 1.08 लाख पार्टी कार्यकर्ता जाकर प्रधानमंत्री मोदी का पत्र, स्टीकर और केंद्र सरकार की योजनाओं का पत्रक दे रहे हैं। छत्तीसगढ़ में ऐसे 40 लाख लाभार्थियों का डाटा हमारे पास उपलब्ध है। इन 40 लाख लाभार्थियों से सम्पर्क का अभियान प्रदेशभर में जारी है।त्रिपाठी

Similar News