देहरादून के चकराता विकासखंड में बाल विकास विभाग द्वारा दिव्यांगजनों का सर्वे किया जाएगा। जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि यह सर्वे राज्य सरकार द्वारा दिव्यांगों को सहायक उपकरण वितरित करने की घोषणा के तहत किया जा रहा है। सर्वे में ऐसे व्यक्तियों को भी शामिल किया जाएगा जिनका अभी तक दिव्यांग प्रमाण पत्र या आधार कार्ड नहीं बना है।
साथ ही जिन दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र या आधार नहीं बने हैं, उनके लिए विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे। सर्वे का कार्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं द्वारा किया जाएगा, जिनको प्रति सर्वे के आधार पर भुगतान किया जाएगा। प्राप्त सर्वे के आधार पर एलिम्को कानपुर से सहायक उपकरणों की दर के अनुसार धनराशि की मांग की जाएगी। सर्वे कार्य के लिए चकराता के बाल विकास परियोजना अधिकारी को नोडल अधिकारी और सहायक समाज कल्याण अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है। यह सर्वे 15 मई 2025 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।