लखनऊ। हनुमत सेवा समिति की ओर से साल के पहले शुक्रवार, पौष शुक्ल पक्ष की पंचमी और रवि योग के मांगलिक योग में 7 जनवरी को वृहद गर्म कपड़ों का वितरण अभियान संचालित किया गया। शुक्रवार के कारण रामभक्त हनुमान महाराज की माता अंजनी का पूजन अर्चन करने के बाद गर्म कपड़ों के वितरण का वृहद अभियान शुरू किया गया। इस अभियान के माध्यम से लोगों को दरिद्र नारायण की सेवा के लिए प्रेरित किया गया।
हनुमत सेवा समिति के अध्यक्ष विवेक पाण्डेय की अगुआई में इसके साथ ही कोरोना के बढ़ते संकट को देखते हुए लोगों को प्रशासन द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के पालन के प्रति जागरुक भी किया गया। अभियान के तहत सीतापुर रोड स्थित छठा मील और बीकेटी क्षेत्र में जरूरतमंदों तक गर्म कपड़े पहुंचाए गए। विवेक पाण्डेय ने बताया कि जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने का अभियान एच.सी.डी.सी-(HCDC).-"हनुमत कलैक्शन एंड डिस्ट्रीब्यूशन कैंपेन" संचालित किया जा रहा है। इसमें मददगारों की सहायता से गर्म कपड़े, कम्बल, रजाई आदि एकत्र कर जरूरतमंदों तक पहुंचायी जा रही है। इसके लिए हेल्पलाइन 9161519018 को जारी किया गया है। इस अभियान में लखनऊ की ज्योति गुप्ता, रोहित मिश्रा, दीपक कुमार, प्रीति त्रिपाठी ही नहीं बेंगलुरु की निवासी रश्मि पण्डेय तक जुड़ी हैं। साल 2009 से इस दिशा में सक्रीय विवेक पाण्डेय, साल 2012 से लगातार हनुमत संग्रह और हनुमत समारोह के माध्यम से समाज को संस्कारित करने का महती कार्य भी कर रहे हैं। हनुमत सेवा समिति गरीब असहाय बच्चों के लिए हनुमत पाठशाला का संचालन भी कर रही है। चरण पादुका वितरण, प्याऊ और पौधरोपण के माध्यम से वह लगातार लोगों में सेवा भाव जागृत कर रहे हैं।