कोटा, 21 अक्टूबर। राजस्थान के कोटा जिले में चंबल नदी में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान नाव पलटने से लापता हुए चार युवकों में से दो के शव बुधवार सुबह बरामद कर लिए गए, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है। मृतकों की पहचान विकास वर्मा उर्फ सुमन (22), निवासी खेड़ा रसूलपुर (रामपुर) और सूरज सिंह (22), निवासी रोड नंबर-2 के रूप में हुई है। वहीं, एशू (19) और संजय नगर निवासी राहुल जोशी की तलाश की जा रही है।

हादसा मंगलवार शाम संजय नगर के पास चंबल नदी की दायीं नहर में हुआ था। नाव में सात लोग सवार थे, जिनमें से तीन को सुरक्षित बचा लिया गया था, जबकि चार लापता हो गए थे। हादसे के बाद से प्रशासन, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस की टीमें और गोताखोर बचाव अभियान में जुटे हुए हैं। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्यों का जायजा लिया और एसडीआरएफ को तलाशी अभियान का दायरा बढ़ाने तथा नहर में स्टॉपर्स वाले स्थानों पर भी तलाश करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जिला कलेक्टर को हादसे के कारणों की जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की और कहा कि लापता युवकों की तलाश के लिए प्रशासन हरसंभव प्रयास कर रहा है।