जिले के नगर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 (जीटी रोड) पर एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रतनुआ पेट्रोल पंप के समीप सुबह उस समय हुआ, जब एक ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी राजकुमार चौहान अपने परिवार के साथ मुंबई से नवादा लौट रहे थे। इसी दौरान औरंगाबाद के रतनुआ के पास उनकी स्कॉर्पियो की एक ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो में सवार राजकुमार चौहान, उनके आठ वर्षीय पुत्र रितेश कुमार और उनके ससुर भगवान दास की मौत हो गई।
हादसे में घायल तीन अन्य लोगों को तत्काल औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए गया रेफर कर दिया गया।
बताया जाता है कि राजकुमार चौहान का परिवार मुंबई से ट्रेन के माध्यम से वाराणसी पहुंचा था। इसके बाद सभी लोग वहां से स्कॉर्पियो से अपने पैतृक गांव नवादा के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान रास्ते में रतनुआ के समीप यह दर्दनाक दुर्घटना हो गई।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर से नवादा के सलेमपुर गांव में शोक की लहर है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे में शामिल ट्रक और दुर्घटना की अन्य परिस्थितियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।