लखनऊ, 20 नवंबर 2026। ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ में “Amazon AWS कैंपस एक्सपीरियंस: अनलॉक द पावर ऑफ द क्लाउड” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष एवं प्रशिक्षण और नियोजन अधिकारी डॉ. सुमन कुमार मिश्रा द्वारा किया गया। कार्यक्रम प्रातः 10:00 बजे द्वितीय तल स्थित हाइब्रिड हॉल में हुआ। इसमें बी.टेक. (सीएसई, एआई एंड डीएस, एआई एंड एमएल) के प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों का Amazon AWS क्लाउड पर पंजीकरण कराया गया। इस पहल से कुल 695 विद्यार्थियों को लाभ दिया जा रहा है। प्रत्येक पंजीकृत विद्यार्थी को लगभग 550 अमेरिकी डॉलर मूल्य की Amazon क्लाउड सेवाएँ निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही 450 कोर्स भी निःशुल्क उपलब्ध होंगे, जिनमें क्लाउड कंप्यूटिंग, साइबर सिक्योरिटी और अन्य आधुनिक तकनीकों के कोर्स शामिल हैं। उपस्थित विद्यार्थियों को आकर्षक उपहार भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण Amazon AWS आधारित प्रोजेक्ट रहा। विद्यार्थियों को 15 दिनों के भीतर Amazon AWS पर आधारित प्रोजेक्ट तैयार करना होगा। इस प्रोजेक्ट में प्रदर्शन के आधार पर विश्वविद्यालय से ब्रांच एम्बेसडर का चयन किया जाएगा, जिसे ₹95,000 प्रतिमाह प्राप्त होंगे। इससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव के साथ-साथ आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।

लोकेश कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को Amazon AWS क्लाउड प्लेटफ़ॉर्म की उपयोगिता और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी तथा पंजीकरण प्रक्रिया में उनका मार्गदर्शन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से इन अवसरों का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया।

विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने विद्यार्थियों को इन सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि क्लाउड, साइबर सिक्योरिटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आज की सबसे महत्वपूर्ण तकनीकें हैं। Amazon AWS जैसे प्लेटफ़ॉर्म के माध्यम से विद्यार्थी एआई सहित अनेक क्षेत्रों में अपने कौशल को निखार सकते हैं और भविष्य में करियर की नई ऊँचाइयों तक पहुँच सकते हैं।

कार्यक्रम के संचालन में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के इंजी. अमन मिश्रा एवं इंजी. दिगेश पाण्डेय का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग-अनुरूप तकनीकी शिक्षा और व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है, ताकि वे वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार हो सकें।