भाषा विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय सूक्ष्मजीव दिवस पर क्विज़ प्रतियोगिता आयोजित
लखनऊ, 15 सितम्बर 2025। ख़्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के प्रांगण में “अंतर्राष्ट्रीय सूक्ष्मजीव दिवस” थीम पर आधारित क्विज़ प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सूक्ष्मजीव विज्ञान के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम का आयोजन कुलपति प्रो. अजय तनेजा, विज्ञान संकाय की अधिष्ठाता डॉ. तत्हीर फ़ातिमा एवं समन्वयक सहायक प्रोफेसर डॉ. वंदिता और डॉ. शालिनी सिंह के संरक्षण में सम्पन्न हुआ।
प्रतियोगिता में लगभग 90 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परिणामस्वरूप, बी.एससी. बायोटेक्नोलॉजी (तृतीय सेमेस्टर) की छात्रा सिद्दीका फ़ातिमा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर अनुष्का वर्मा और श्रद्धा पांडे (बी.एससी. बायोटेक्नोलॉजी, पाँचवाँ सेमेस्टर) रहीं, जबकि मुशीरा खातून (बी.एससी. सूक्ष्मजीव विज्ञान, प्रथम सेमेस्टर) तृतीय स्थान पर रहीं।
घोषणा की गई कि विजेता छात्र-छात्राओं को आगामी 17 सितम्बर 2025 को अंतर्राष्ट्रीय सूक्ष्मजीव दिवस के मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा।