झाँसी। जनगणना के आंकड़े देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उपलब्ध संसाधनों के समुचित उपयोग और जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए सही आंकड़ों की आवश्यकता होती है। देश में पहली बार हो रही डिजिटल जनगणना में सभी की सक्रिय भागीदारी ही इस अभियान को सफल बनाएगी। यह विचार झांसी के मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी रामेश्वर सुधाकर ने बुधवार को बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के गांधी सभागार में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए।

जनगणना–2027 के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में स्वगणना के प्रति युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से युवा दिवस थीम के अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘अब आपकी बारी, करें जनगणना में भागीदारी’ के संदेश के साथ आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को डिजिटल जनगणना की प्रक्रिया एवं उसके महत्व से अवगत कराया गया।

मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने में जनगणना के आंकड़ों की विशेष भूमिका होती है। जनगणना से प्राप्त सही आंकड़े देश, समाज और जनता के विकास में सहायक होंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं स्वगणना अभियान में भागीदारी करने के साथ अपने परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों एवं परिचितों को भी इसके लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने जनगणना जागरूकता कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग प्रदान करने के लिए विश्वविद्यालय के अधिकारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान स्वगणना का ई-फॉर्म भरने की प्रक्रिया से विद्यार्थियों को अवगत कराने के लिए जागरूकता वीडियो भी प्रदर्शित किया गया। विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से परिवार के सदस्यों से संबंधित 40 प्रश्नों की जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई। जनगणना के द्वितीय चरण के अंतर्गत 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना अभियान तथा एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक जनसंख्या गणना की जाएगी।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की ओर से कुलानुशासक प्रो. विनीत कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जनगणना के प्रदेश स्तरीय मास्टर ट्रेनर सौरव श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने मंचासीन अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की भूमिका एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर डॉ. राघवेन्द्र दीक्षित, श्री हरि त्रिपाठी, डॉ. संतोष पांडेय, डॉ. भुवनेश्वर मस्तानिया, डॉ. अमित तिवारी, डॉ. रामनरेश, डॉ. राघवेन्द्र द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।