बीबीएयू में ग्रामीण विकास में सहकारिता की भूमिका एवं भविष्य की संभावनाओं पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का होगा आयोजन
18 नवंबर को अर्थशास्त्र विभाग द्वारा आयोजित संगोष्ठी में देश के प्रतिष्ठित शिक्षाविद् एवं विशेषज्ञ साझा करेंगे विचार
बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ में माननीय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में दिनांक 18 नवंबर 2026 को अर्थशास्त्र विभाग द्वारा राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। भारतीय किसान उर्वरक सहकारी लिमिटेड (कृभको) के सहयोग से आयोजित इस संगोष्ठी का विषय 'भारत में सहकारिता का भविष्य एवं ग्रामीण विकास को सशक्त बनाने में सहकारी समितियों की उभरती भूमिका : उत्तर प्रदेश के विशेष संदर्भ में' निर्धारित किया गया है। यह राष्ट्रीय संगोष्ठी विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड इकोनॉमिक स्टडीज (SEES) हॉल में सुबह 10 बजे से आयोजित होगी। इसमें सहकारिता, अर्थव्यवस्था एवं ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।
संगोष्ठी का उद्देश्य ग्रामीण विकास में सहकारी समितियों के योगदान, सहकारिता के बदलते स्वरूप, इसकी संभावनाओं तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में इसकी भूमिका पर विचार-विमर्श करना है। विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के संदर्भ में सहकारी क्षेत्र की चुनौतियों एवं भविष्य की संभावनाओं पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल मुख्य संरक्षक के रूप में उपस्थित रहेंगे। संगोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (EAC-PM) के संयुक्त सचिव डॉ. के.के. त्रिपाठी शामिल होंगे। वहीं भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM), अहमदाबाद के प्रोफेसर प्रो. संजय वर्मा मुख्य अतिथि एवं उत्तर प्रदेश सरकार के सहकारी समितियों के आयुक्त एवं रजिस्ट्रार कुमार प्रशांत, आईएएस, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।