बॉलीवुड सहित गुजराती फिल्मों और कई टीवी शो में काम कर चुके एक्टर अमित मिस्त्री का शुक्रवार सुबह को कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। उनके घर में माता-पिता और एक भाई हैं। अमित को फिल्म 'यमला पगला दीवाना', 'क्या कहना', 'एक चालिस की आखिरी लोकल', 'शोर इन द सिटी' के लिए जाना ताजा है। इस बात की जानकारी प्रड्यूसर अशोक पंडित ने सोशल मीडिया के जरिए दी है।
अमित के निधन से एक बार फिर से बॉलीवुड शोक में डूब गया है। मैनेजर महर्षि देसाई ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब नौ बजकर 30 मिनट पर 47 वर्षीय अभिनेता ने जब आखिरी सांस ली तब वह अपनी मां के साथ मुंबई के अंधेरी स्थित आवास पर थे।
उन्होंने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, '' वह सुबह उठे, नाश्ता किया और यहां तक कि हृदय गति रूकने से पहले व्यायाम भी किया। वह पूरी तरह से स्वस्थ थे और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी कोई समस्या नहीं थी। यह बहुत ही स्तब्ध करने वाली खबर है।
'' सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन ने अभिनेता अमित मिस्त्री के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ट्वीट किया है। एसोसिएशन के आधिकारिक ट्विटर हैंडल ने अभिनेता को श्रद्धांजलि दी गई। इसने ट्वीट में लिखा है, "सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन, अमित मिस्त्री के निधन पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है।''
अराधना मौर्या