ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों ने UGC-NET/JRF परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का परचम लहराया है। परीक्षा परिणाम में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के 20 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है। इनमें 17 विद्यार्थियों ने UGC-NET तथा 3 विद्यार्थियों ने प्रतिष्ठित Junior Research Fellowship (JRF) की पात्रता प्राप्त की है। एक ही परीक्षा में 20 विद्यार्थियों की सफलता ने विश्वविद्यालय के अकादमिक वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और शोध के प्रति विद्यार्थियों की बढ़ती रुचि को नई पहचान दी है। खास तौर पर उर्दू और शिक्षा शास्त्र विभाग के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय की उपलब्धियों में नया अध्याय जोड़ा है।

JRF में उर्दू और शिक्षा शास्त्र का शानदार प्रदर्शन

उर्दू विभाग की मुस्कान बानो और मोहम्मद इमरान ने JRF हासिल कर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। वहीं विभाग के शमा परवीन, सलमान साजिद और सुम्बुल फातिमा ने NET में सफलता प्राप्त की।

शिक्षा शास्त्र विभाग की अंकिता वर्मा ने JRF हासिल किया जबकि प्रिया रावत, सागर प्रताप सिंह, शिवंगिनी सिंह, नीरज कुमार और प्राची मिश्रा ने NET की प्रतिष्ठित पात्रता प्राप्त की।

JMC से लेकर कंप्यूटर साइंस तक, कई विभागों की चमकी प्रतिभा

विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार (JMC) विभाग की लक्ष्मी श्रीवास्तव और कोमल केसरवानी ने NET उत्तीर्ण किया।कंप्यूटर साइंस एवं आईटी से हुजैफा हबीब और मोहम्मद मुजम्मिल, व्यवसाय प्रशासन से विपिन कुमार वैद्य, अंग्रेजी एवं विदेशी भाषाएं से मुस्कान सोनी, भूगोल से दिवेश कुमार, फारसी से अकील अख्तर तथा शारीरिक शिक्षा से परवेज़ अहमद ने NET में सफलता दर्ज की।

नए विभागों के विद्यार्थियों को अगले अवसर का इंतजार

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान से जुड़े नवगठित विभागों—जैसे जूलॉजी, बॉटनी, केमिस्ट्री, सोशियोलॉजी और पॉलिटिकल साइंस—में PG पाठ्यक्रम शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रारंभ हुए हैं। इसलिए इन विभागों के विद्यार्थी वर्तमान चरण में NET/JRF परीक्षा की पात्रता पूरी नहीं करते थे। वहीं वाणिज्य विभाग की सितंबर 2026 की परीक्षा निरस्त हो गई थी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि आने वाले वर्षों में इन नए विभागों के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी एवं शोधपरक परीक्षाओं में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों को और आगे बढ़ाएंगे।

कुलपति ने कहा:- सफलता मेहनत और मार्गदर्शन का परिणाम

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि NET और JRF जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में विद्यार्थियों की सफलता विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की मेहनत का प्रमाण है।उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ शोध, नवाचार और अकादमिक उत्कृष्टता के लिए निरंतर प्रोत्साहित कर रहा है। उन्होंने सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि ये मेधावी विद्यार्थी आगे चलकर शिक्षण एवं शोध के क्षेत्र में विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर और रोशन करेंगे।

Tags: