बांग्लादेश में पद्मा नदी में बस गिरने से 25 लोगों की मौत

Update: 2026-03-26 08:42 GMT


बांग्लादेश में राजबारी जिले के दौलतदिया फेरी टर्मिनल पर कई यात्रियों को ले जा रही एक यात्री बस के पद्मा नदी में गिरने से 25 लोग मारे गए। बांग्लादेश अग्निशमन सेवा और नागरिक सुरक्षा के अनुसार बस के अंदर से 23 शव बरामद किए गए है। दो अन्य लोगों को जीवित बचाया गया, लेकिन बाद में अस्पताल में उनकी मौत हो गई। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने कई यात्रियों को जीवित बाहर निकाला।

घटना कल शाम लगभग सवा पांच बजे उस समय हुई जब ढाका जा रही बस फेरी पर चढ़ने की कोशिश करते समय नियंत्रण खो बैठी और नदी में गिर गई। बस में लगभग 40 से 50 यात्री सवार थे।

अग्निशमन सेवा के गोताखोरों, सेना, पुलिस, तटरक्षक बल और फेरी अधिकारियों सहित कई एजेंसियों ने राहत और बचाव कार्य किया। तलाश अभियान जारी है।

प्रारंभिक रिपोर्टों से पता चलता है कि नौका उस पोंटून से टकरा गई जहां बस खड़ी थी, जिससे वह नदी में गिर गई। कुछ यात्री तैरकर किनारे तक पहुंचने में कामयाब रहे, लेकिन कई लोग वाहन के अंदर फंस गए।

दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए पांच सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है।

Similar News