वेनेजुएला: कराकास में 7.2 और 7.5 तीव्रता के भूकंप से भारी तबाही

Update: 2026-06-25 05:56 GMT




वेनेजुएला की राजधानी कराकास के पश्चिम में आए दो शक्तिशाली भूकंप के बाद व्यापक तबाही की आशंका जताई जा रही है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण यानी यूएसजीएस ने अपने प्रारंभिक आकलन में कहा है कि इस आपदा में दस हजार से एक लाख तक लोगों की जान जा सकती है। हालांकि, वेनेजुएला के अधिकारियों ने अभी तक मृतकों या घायलों की कोई आधिकारिक संख्या जारी नहीं की है।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, पहले 7.2 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके एक मिनट से भी कम समय बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा झटका महसूस किया गया। भूकंप के कारण कराकास और आसपास के इलाकों में कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं, जबकि कुछ इमारतें ढह गई हैं। वेनेजुएला के गृह मंत्री दियोसदादो काबेलो ने बताया कि कई मकान और इमारतें ढह गई हैं। दमकल, पुलिस और अन्य राहत एजेंसियों को तत्काल सक्रिय कर दिया गया है तथा प्रभावित इलाकों में बचाव अभियान जारी है।

राजधानी कराकास के कुछ अस्पतालों और अन्य इमारतों को भी नुकसान पहुंचने की खबर है। भूकंप के बाद अमेरिका की सुनामी चेतावनी प्रणाली ने प्यूर्टो रिको तथा अमेरिकी और ब्रिटिश वर्जिन द्वीप समूह के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की थी। हालांकि, करीब एक घंटे बाद इस चेतावनी को वापस ले लिया गया। वेनेजुएला कैरेबियाई और दक्षिण अमेरिकी टेक्टोनिक प्लेटों के संगम पर स्थित है, इसलिए यह क्षेत्र भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है।

Similar News