अमेरिका और ईरान के बीच हुए प्रारंभिक शांति समझौते को लेकर खाड़ी देशों की चिंताओं के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने संयुक्त अरब अमीरात और कुवैत के नेताओं से मुलाकात की है। उन्होंने क्षेत्रीय सहयोगियों को भरोसा दिलाया है कि अमेरिका उनकी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगा।
पिछले सप्ताह अमेरिका और ईरान के बीच हुए प्रारंभिक समझौते में तेहरान के लिए कुछ प्रतिबंधों में छूट और 300 अरब डॉलर के पुनर्निर्माण कोष का प्रस्ताव शामिल है। हालांकि अमेरिका के क्षेत्रीय सहयोगी इस प्रस्ताव को लेकर सुरक्षा संबंधी चिंताएं जता रहे हैं। रुबियो ने अबू धाबी में संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक में ईरान के साथ हुए समझौते, होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित समुद्री आवागमन और क्षेत्रीय शांति पर चर्चा की।
उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात की सुरक्षा के प्रति अमेरिका की प्रतिबद्धता भी दोहराई। इसके बाद रुबियो ने कुवैत के अमीर से भी मुलाकात की और क्षेत्रीय सुरक्षा तथा स्थिरता पर चर्चा की। इस बीच, कतर के प्रधानमंत्री ने ओमान में ईरान, इराक और खाड़ी देशों के बीच होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अलग वार्ता शुरू करने पर चर्चा की। वहीं अमेरिका और ईरान के बीच अगले साठ दिनों तक परमाणु कार्यक्रम सहित अन्य लंबित मुद्दों पर बातचीत जारी रहेगी।