ईरान युद्ध के मोर्चे पर घिरे अमेरिका को अब अपने ही घर में विरोध का सामना करना पड़ा है। अमेरिका के 'नेशनल काउंटर-टेररिज्म सेंटर' के प्रमुख जो केंट ने ईरान से युद्ध के विरोध में अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। पिछले तीन हफ्तों से चल रहे इस संघर्ष के बीच यह ट्रंप प्रशासन के किसी वरिष्ठ अधिकारी का पहला इस्तीफा है।
जो केंट ने सोशल मीडिया पर जारी अपने इस्तीफे में स्पष्ट कहा है कि ईरान से अमेरिका को कोई तत्काल खतरा नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि यह युद्ध इजरायल और उसकी शक्तिशाली लॉबी के दबाव में शुरू किया गया है।
दूसरी तरफ, व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलिन लेविट ने केंट के दावों को झूठा करार दिया है। व्हाइट हाउस का कहना है कि राष्ट्रपति ट्रंप के पास इस बात के पुख्ता और मजबूत सबूत थे कि ईरान पहले अमेरिका पर हमला करने की योजना बना रहा था।
इस बीच, विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी के शीर्ष नेता मार्क वॉर्नर ने केंट की इस बात का समर्थन किया है कि युद्ध में उतरने के लिए ईरान के खिलाफ पर्याप्त खुफिया सबूत नहीं थे।