श्रीलंका की प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या ने भारत के साथ सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता की पुष्टि की
श्रीलंका की प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या ने भारत से मजबूत व्यापारिक संबंध, उच्च निवेश और पर्यटकों की बढ़ती संख्या का स्वागत किया है। उन्होंने भारत के साथ सहयोग बढ़ाने की श्रीलंका की प्रतिबद्धता की पुष्टि की। भारत के 77वें गणतंत्र दिवस और श्रीलंका के 78वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित भोज में डॉ. अमरसूर्या ने कहा कि श्रीलंका, भारतीय व्यवसायों के साथ संबंध बढ़ाने और पर्यटन के माध्यम से लोगों के बीच आदान-प्रदान को बढ़ावा देने का उत्सुक है।
श्रीलंका इंडिया सोसाइटी के इस कार्यक्रम में राजनयिकों, व्यवसायियों और भारतीय समुदाय के लोगों ने भाग लिया। डॉ. अमरसूर्या ने भारत को श्रीलंका का सबसे करीबी सहयोगी बताया और चुनौतीपूर्ण समय में भारत के निरंतर सहयोग-समर्थन के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आर्थिक, सांस्कृतिक और सामाजिक क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्री लंका की प्रधानमंत्री का यह बयान ऐसे समय में आया है जब श्रीलंका में भारत का निवेश और भारत से आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है।