पश्चिम एशिया संघर्ष को समाप्त करने के प्रयासों के बीच अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के नवीनतम शांति प्रस्ताव को अस्वीकार्य कर दिया है। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने ईरान के प्रस्ताव पूरी तरह खारिज कर दिया है।
इससे पहले कल ईरान ने कहा था कि उसने पश्चिम एशिया में संघर्ष समाप्त करने के उद्देश्य से अमरीका के नवीनतम प्रस्ताव पर अपना जवाब भेजा है। यह जवाब पाकिस्तान के माध्यम से भेजा गया जो ईरान और अमरीका के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है।
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने कहा कि पश्चिमी देशों के साथ उनके बातचीत को आत्मसमर्पण या पीछे हटना के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
इस बीच, इस्राएल के प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतन्याहू ने कल रात को राष्ट्रपति ट्रम्प से बात की। इस्राएल के अधिकारियों के अनुसार, दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की। इस्राएल के प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रम्प ईरान के उच्च संवर्धनित यूरेनियम भंडार को हटाने की आवश्यकता पर सहमत हुए जो वार्ता का एक प्रमुख मुद्दा बना हुआ है।
सैन्य स्थिति का उल्लेख करते हुए राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि ईरान सैन्य रूप से पराजित हो चुका है। ईरान ने चेतावनी दी है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में अमरीकी समुद्री अभियानों के साथ फ्रांसीसी या ब्रिटिश युद्धपोतों की किसी भी तैनाती का निर्णायक और तत्काल जवाब दिया जाएगा।
फ्रांस के अधिकारियों ने कहा है कि परमाणु ऊर्जा से चलने वाला विमानवाहक पोत चार्ल्स डी गॉल, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रोन और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के नेतृत्व में रणनीतिक जलमार्ग में नौवहन की स्वतंत्रता बहाल करने के प्रयासों के तहत इस क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है।