कुवैत और बहरीन की ओर दागी गई ईरानी मिसाइलें बीच में ही रोकी गई: अमरीकी सेना

Update: 2026-06-03 05:32 GMT




अमरीका की सेना ने कहा है कि कुवैत और बहरीन की ओर दागी गई ईरान की मिसाइलें या तो अपने लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाईं या उन्हें बीच में ही रोक लिया गया। सेना ने यह भी कहा कि इसके बदले में अमरीका ने ईरान के ठिकाने पर हमले किए। अमरीकी सेंट्रल कमान के अनुसार ये हमले होर्मुज जलडमरूमध्य के निकट क्‍वेश्‍म द्वीप पर स्थित ईरानी सैन्य जमीनी नियंत्रण केंद्र को निशाना बनाकर किए गए। इस द्वीप पर एक डीसेलिनेशन संयंत्र भी है।

अमरीकी सेना ने कहा कि कुवैत की ओर दागी गई दो मिसाइलें रास्ते में ही नष्ट हो गईं, जबकि बहरीन की ओर दागी गई मिसाइलों को अमरीका और बहरीन की सेनाओं ने बीच में ही रोक लिया। स्थानीय मीडिया खबरों के अनुसार, ये घटनाक्रम तब सामने आए जब ईरान ने युद्धविराम की अवधि बढ़ाने के संबंध में मध्यस्थों से बातचीत बंद कर दी। हालांकि, अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने इस दावे का खंडन करते हुए कहा कि बातचीत जारी है।

एक अन्य घटनाक्रम में, अमरीका की सेना ने कहा कि उसने अमरीकी नाकाबंदी का उल्लंघन करते हुए ईरानी बंदरगाह तक पहुंचने की कोशिश कर रहे तेल टैंकर को रोकने के लिए एक मिसाइल दागी। सेना ने कहा कि नाकाबंदी तोड़ने की कोशिश में रोका गया यह सातवां जहाज था।

Similar News