उत्तरी वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप के बाद राहत कार्यों में मदद के लिए भारत का ऑपरेशन AMISTAD शुरू हो गया है। इस अभियान के तहत भारतीय वायु सेना के दो C-17 विमान हिंडन एयर फ़ोर्स स्टेशन से आवश्यक राहत सामग्री लेकर रवाना हुए।
इस सहायता में भारतीय सेना की एक फील्ड हॉस्पिटल यूनिट, 35 टन से अधिक राहत सामग्री, दवाइयाँ और मेडिकल उपकरण शामिल हैं। इनमें भारत के आरोग्य मैत्री प्रोजेक्ट के तहत दो BHISHM क्यूब्स- हित और मैत्री भी शामिल हैं।
भीष्म क्यूब एक अत्याधुनिक, स्वदेशी और तेजी से तैनात की जा सकने वाली मॉड्यूलर मेडिकल सुविधा है, जिसे विशेष रूप से आपदा और मानवीय राहत कार्यों के लिए डिज़ाइन किया गया है।
मेडिकल टीम में कुल 41 सदस्य शामिल हैं, जिनमें नौ मेडिकल अधिकारी हैं। यह टीम भूकंप प्रभावित लोगों को आपातकालीन चिकित्सा, ट्रॉमा प्रबंधन, जीवनरक्षक सर्जरी और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए तैयार है।