ब्राज़ील में राष्ट्रपति चुनाव दूसरे दौर में पहुंच गया है। पहले दौर में सीनेटर फ्लावियो बोल्सोनारो और मौजूदा राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा ने सबसे अधिक वोट हासिल किए हैं। करीब 97 प्रतिशत वोटों की गिनती के समय फ्लावियो बोल्सोनारो 47 दशमलव 45 प्रतिशत वोटों के साथ आगे थे। वहीं लूला दा सिल्वा को 44 दशमलव 46 प्रतिशत वोट मिले थे। दोनों में से कोई भी उम्मीदवार पहले दौर में 50 प्रतिशत से अधिक वैध वोट हासिल नहीं कर सका।

ऐसे में ब्राज़ील के चुनाव नियमों के तहत अब दूसरे दौर का मतदान होगा। दूसरे दौर में फ्लावियो बोल्सोनारो का मुकाबला लूला दा सिल्वा से होगा। मतदान 25 अक्टूबर को होगा। फ्लावियो बोल्सोनारो लिबरल पार्टी के उम्मीदवार हैं। वह पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के बेटे हैं। वहीं, लूला वर्कर्स पार्टी के उम्मीदवार हैं और मौजूदा राष्ट्रपति हैं। इस चुनाव में महंगाई और जीवन-यापन की बढ़ती लागत, अपराध, अर्थव्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे प्रमुख रहे हैं। अब दोनों उम्मीदवार दूसरे दौर में बहुमत हासिल करने के लिए मतदाताओं के सामने होंगे। ब्राज़ील के राष्ट्रपति चुनाव का अंतिम फैसला 25 अक्टूबर को होने वाले मतदान से होगा।