राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी-एनटीए ने 21 जून को होने वाली नीट यूजी पुनर्परीक्षा की परीक्षा अवधि को 15 मिनट बढ़ाकर 195 मिनट का कर दिया है। नया समय दोपहर 2 बजे से 5:15 बजे तक रहेगा। संशोधित परीक्षा अवधि में अनिवार्य परीक्षा औपचारिकताओं के लिए आवश्यक समय शामिल है। एजेंसी ने कहा है कि ये सुधार पिछले कई वर्षों में उम्मीदवारों से प्राप्त प्रतिक्रिया के आधार पर किए गए हैं। एजेंसी ने कहा कि वह यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि नीट यूजी की परीक्षा निष्पक्ष, सुरक्षित और उम्मीदवारों की आवश्यकताओं के अनुरूप आयोजित हो।
एजेंसी ने प्रश्न पत्र पुस्तिका के साथ दिए जाने वाली रफ वर्कशीट को दो पृष्ठ से बढ़ाकर चार कर दिया गया है। पुराने लेआउट के असुविधाजनक होने की प्रतिक्रिया के बाद, कुछ छात्रों, विशेषकर बाएं हाथ से लिखने वाले छात्रों के लिए यह सुधार किया गया है।
एनटीए ने कहा कि परीक्षा डिज़ाइन में छोटे-छोटे सुधार भी एक महत्वपूर्ण परीक्षा के दौरान उम्मीदवारों के अनुभव पर सकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं। इसलिए, निष्पक्षता और सुरक्षा के उच्चतम मानकों को बनाए रखते हुए परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक और उम्मीदवार-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से ये उपाय लागू किए गए हैं। इसके साथ ही उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे प्रवेश पत्र और सूचना बुलेटिन में दिए गए निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए परीक्षा कर्मचारियों के साथ सहयोग करें।