लोकसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने बंगाल में बड़ा एक्शन लिया है. निर्वाचन आयोग ने बंगाल के डीजीपी राजीव कुमार को हटाने और यूपी-बिहार समेत 6 राज्यों से गृह सचिव बदलने के निर्देश दिए हैं. जिन छह राज्यों के होम सेक्रेटरी बदले गए हैं उसमें गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड शामिल हैं.
इसके साथ ही बृहन्मुंबई नगर आयुक्त इकबाल सिंह चहल को भी हटा दिया गया है. साथ ही अतिरिक्त आयुक्त और उपायुक्त को भी हटाने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही मिजोरम और हिमाचल प्रदेश के जीएडी सचिव को भी पद से हटाया गया है.
पश्चिम बंगाल में डीजीपी के अलावा कई और अधिकारियों को भी हटाया गया है. इतना ही नहीं चुनाव आयोग ने सीएम दफ्तर से भी कुछ अधिकारियों को हटा दिया है. बता दें कि चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के डीजीपी को 2016 में विधानसभा चुनाव और 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी सक्रिय चुनाव ड्यूटी से हटा दिया था.
6 राज्यों के गृह सचिव और बंगाल के डीजीपी को हटाने पर चुनाव आयोग ने कहा कि यह एक्शन चुनावों में समान अवसर सुनिश्चित कराने के लिए लिया गया है.