रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में पश्चिम एशिया मंत्रियों के समूह की तीसरी बैठक की अध्यक्षता की
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में पश्चिम एशिया मंत्रियों के समूह की तीसरी बैठक की अध्यक्षता की और क्षेत्र में बदलती स्थिति के मद्देनजर उठाए गए कदमों की समीक्षा की। इस दौरान श्री सिंह ने सभी विभागों को किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए उच्च स्तर की तैयारी, समन्वय और लचीलापन बनाए रखने का निर्देश दिया। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सरकार देश भर में एल.पी.जी, पेट्रोल, डीजल, उर्वरक और अन्य आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित कर रही है, साथ ही नागरिकों को संघर्ष के प्रभाव से बचाने के लिए कदम उठा रही है।
मंत्रालय ने बतया कि बैठक के दौरान इस बात पर प्रकाश डाला गया कि भारत ने पिछले 40 दिनों में होर्मुज जलडमरूमध्य से सबसे अधिक संख्या में जहाजों को सुरक्षित निकाला है। मंत्रालय ने यह भी बताया कि सरकार एलपीजी पर निर्भरता कम करने के लिए पाइपलाइन से प्राकृतिक गैस कनेक्शन को बढ़ावा दे रही है, जिसके तहत तीन लाख से अधिक नए कनेक्शन जोड़े गए हैं। मंत्रालय ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली और आपातकालीन जरूरतों के लिए चावल और गेहूं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, और भारतीय खाद्य निगम जरूरत पड़ने पर कीमतों को स्थिर करने के लिए अतिरिक्त स्टॉक जारी करने के लिए तैयार है।