भारत-यूरोपीय संघ ने 6जी सहित अगली पीढ़ी की डिजिटल प्रौद्योगिकियों में रणनीतिक सहयोग मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई
भारत और यूरोपीय संघ ने 6जी दूरसंचार सहित अगली पीढ़ी की डिजिटल प्रौद्योगिकियों में रणनीतिक सहयोग को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की है। इसमें सुरक्षा, विश्वास और लचीली वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। संचार मंत्रालय ने बताया कि यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लायन और यूरोपीय संघ के आयुक्तों की भारत यात्रा के दौरान जारी नेताओं के वक्तव्यों में यह बात साफ तौर पर दिखाई दी। इन नेताओं ने भारत-यूरोपीय संघ व्यापार और प्रौद्योगिकी परिषद के तहत उन्नत और उभरती प्रौद्योगिकियों के बढ़ते महत्व पर जोर दिया।
मंत्रालय ने सहयोग का स्वागत करते हुए दूरसंचार, डिजिटल बुनियादी ढांचे और वैश्विक मानक विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर बल दिया। मंत्रालय ने कहा कि उन्नत दूरसंचार में मजबूत भारत-यूरोपीय संघ साझेदारी विश्वसनीय, सुरक्षित और लचीले वैश्विक डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण के लिए साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिससे नागरिकों, उद्योग और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को व्यापक लाभ होगा।
मंत्रालय ने कहा कि यूरोपीय संघ के साथ यह सहयोग दूरसंचार विभाग द्वारा निर्देशित देश के राष्ट्रीय 6जी विजन के अनुरूप है और इसका उद्देश्य भारत को 6जी प्रौद्योगिकी विकास में एक वैश्विक योगदानकर्ता और अग्रणी देश के रूप में स्थापित करना है, साथ ही सुरक्षित, किफायती और टिकाऊ डिजिटल बुनियादी ढांचे को भी सुनिश्चित करना है।