प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुरुक्षेत्र में जन आशीर्वाद रैली को किया संबोधित, कहा भाजपा ने कराया विकास कांग्रेस सिर्फ झूठ बोलती है

Update: 2024-09-14 13:28 GMT



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कुरुक्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के चुनाव प्रचार का शंखनाद किया। श्री मोदी के साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली, अनिल विज, राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा, कुरुक्षेत्र सांसद नवीन जिंदल, राज्य मंत्री सुभाष सुधा व विभिन्न विधानसभाओं के प्रत्याशी भी मौजूद रहे । जन आशीर्वाद रैली में शामिल जन समूह को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि हरियाणा में तीसरी बार भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनना तय है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के लोग अपनी जुबान के पक्के होते हैं। उन्होंने खुद हरियाणा में काम करने का अवसर मिलने पर हरियाणा से यही सीखा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जो कहती है वो करती है। श्री मोदी ने कहा कि केंद्र में बीजेपी सरकार ने बुजुर्गों को दी गई गारंटी पूरी की है। अब 70 साल से अधिक आयु के लोगों को आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रूपये तक का स्वास्थ्य लाभ मिलेगा।

श्री मोदी ने कहा कि सरकार ने गरीबों के लिए 3 करोड़ पक्के घरों को मंजूरी दी है और अब तक एक करोड़ महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं जिन में से सैंकड़ों महिलाएं हरियाणा से हैं।उन्होंने कहा हरियाणा में 24 फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जाती है भावांतर योजना के तहत भाव का अंतर भी किसानों को मिलता है। और सीधा किसानों के खाते में पैसा आता है उन्होंने कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह की तारीफ भी की और कहा कि नायब सिंह प्रदेश के विकास के लिए 24 घंटे तत्पर हैं। उन्होंने लोगों से नायब सिंह और पार्टी को आशीर्वाद देने की अपील की और कहा कि गीता स्थली जहां सरस्वती सभ्यता के निशान हैं और गुरु गोबिंद सिंह के चरण पड़े, वे उसी धरती से बीजेपी सरकार बनाने का निवेदन करने आए हैं।

उन्होंने कांग्रेस पर भी वार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल कर्नाटक और तेलंगाना में सब योजनाओं को ठप्प कर दिया है। उन्होंने कहा कांग्रेस सिर्फ बड़ी-बड़ी बातें करती है और कांग्रेस के राज में 1200 किसानों ने आत्महत्या की सूखा पीड़ित किसानों कि कांग्रेस सरकार ने कभी मदद नहीं की। श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस धार 370 का समर्थन कर फिर से उसे वापस लाना चाहती है और कांग्रेस के लिए तुष्टीकरण ही सबसे बड़ा लक्ष्य है। कांग्रेस अब पुरानी कांग्रेस नहीं है शहरी नक्सल का नया रूप बन चुकी है और हर रोज नया झूठ बोलती है। काँग्रेस नेता देश की एकता पर लगातार हमला बोलते हैं और भारत को बदनाम करते हैं। उन्होंने कांग्रेस के समय 2005 में हुए गोहाना और मिर्चपुर कांड का जिक्र भी अपने सम्बोधन किया।

Similar News