चारधाम यात्रा से पहले गृह मंत्रालय के निर्देश पर सात जिलों में होगी मॉक ड्रिल

Update: 2026-04-04 08:01 GMT





चारधाम यात्रा के दौरान आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गृह मंत्रालय के निर्देश पर 10 अप्रैल को चारधाम यात्रा को लेकर राज्य के सात ज़िलों में मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आपात स्थितियों से निपटने की क्षमता का परीक्षण किया जाएगा।

यूएसडीएमए देहरादून में आयोजित बैठक में चारधाम यात्रा से जुड़े जिलों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को मॉक ड्रिल के संचालन के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तरह तैयार हैं और यह अभ्यास सभी संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय और तैयारी को परखने के लिए किया जा रहा है।

यह मॉक ड्रिल उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी और देहरादून सहित सात जिलों में आयोजित होगी। इसका संचालन राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से किया जाएगा।

मॉक ड्रिल के दौरान विभिन्न आपदा परिदृश्यों जैसे सड़क दुर्घटना, हेलीकॉप्टर दुर्घटना, भूकंप, आग, भगदड़, खराब मौसम, बाढ़, आकाशीय बिजली, भूस्खलन और हिमस्खलन जैसी स्थितियों में विभागों की तैयारियों का परीक्षण किया जाएगा। साथ ही विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों, सेना, एयर फोर्स, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन के बीच समन्वय की भी जांच की जाएगी।

Similar News