पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों को लेकर एक महत्वपूर्ण अंतर-मंत्रालयीय प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्रीय स्थिति, सुरक्षा, कूटनीति और भारत के दृष्टिकोण पर जानकारी दी गयी। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की तरफ से दी गई जानकारी में बताया गया कि देश में गैस और तेल की कोई कमी नहीं है। देश में LPG गैस बुकिंग 97 फीसदी तक बढ़ी है और 42 लाख कमर्शियल सिलेंडर भी उपभोक्ताओं तक पहुंचाया गया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि भारत सरकार लगातार कोशिश कर रही है कि जनता को कम परेशानी हो। हमारे पास पर्याप्त मात्रा में LPG का स्टॉक है। एडिशनल कार्गो को लेकर भी बात हो गयी है। किसी भी एजेंसी में सिलेंडर की कमी नहीं है। हम लगभग 50 लाख सिलेंडर रोज दे रहे है। 5 हफ़्ते में 18 करोड़ घरों को LPG सिलेंडर पंहुचाया है।
ज्वाइंट सेक्रेटरी सी शिखा ने फूड पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन से संबंधित जानकारी देते हुए बताया कि देश के पास खाद्यान्न का पर्याप्त मात्रा में स्टॉक है। डिपार्टमेंट प्रोक्योरमेंट को लेकर भी लगातार राज्यों के साथ बात कर रहा है और ये सुनिश्चित किया जा रहा है कि देश में खाद्यान्न की कोई कमी न हो।
उपभोक्ता मामलों से संबंधित विभाग की तरफ से एडिशनल सेक्रेटरी अनुपम मिश्रा ने जानकारी दी कि जरूरी सामानों की कीमतें प्रति दिन के आधार पर मॉनीटर की जा रही हैं। गलत तरीके से कीमत बढ़ाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है जो सभी राज्यों से लगातार संपर्क में है और ब्लैक मार्केटिंग और भ्रष्टाचार पर नजर रख रहा है।