प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का मुख्यमंत्री ने किया स्थलीय निरीक्षण
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड और मां डाट काली मंदिर में स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, बिजली और स्वच्छता सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने और सभी एजेंसियों के बीच समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया। साथ ही यातायात प्रबंधन को सुव्यवस्थित रखने और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जसवंत ग्राउंड में मंच और दर्शक दीर्घा सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप सभी तैयारियां की जाएं और साफ-सफाई व सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए।