चारधाम में यात्रियों की संख्या सीमित न करने के सरकार के निर्णय का स्वागत

Update: 2026-04-13 06:47 GMT





चारधाम यात्रा में यात्रियों की संख्या सीमित न करने के राज्य सरकार के निर्णय का विभिन्न संगठनों ने स्वागत किया है। चारों धामों से जुड़े तीर्थ पुरोहितों, होटल एसोसिएशन, ट्रैवल एजेंसियों और अन्य हितधारकों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया और कपाट खुलने के अवसर पर आमंत्रित भी किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए चारधाम यात्रा को अधिक सुगम और सुलभ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाएं सरकार की प्राथमिकता हैं और सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

चारधाम यात्रा से जुड़े संगठनों ने कहा कि यह निर्णय आस्था, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाला है, जिससे होटल, परिवहन और अन्य सेवाओं से जुड़े लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने यात्रियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण व्यवस्था को लगातार खुला रखने का आग्रह भी किया।

Similar News