एचडी देवेगौड़ा ने पीएम मोदी की अपने लेख में की सराहना

Update: 2026-06-09 06:05 GMT




आज ही के दिन साल 2024 में तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेकर नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में नया इतिहास रच दिया था। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर देश के पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने एक विशेष लेख के माध्यम से पीएम मोदी के नेतृत्व की मुक्तकंठ से सराहना की है। देवेगौड़ा ने कहा कि मोदी की सफलता का मूल मंत्र उनकी 'विचारशीलता' और राष्ट्रहित के प्रति उनकी 'अडिग प्रतिबद्धता' को बताया है।

देवेगौड़ा ने 1952 और आज के भारत की तुलना करते हुए एक व्यापक परिप्रेक्ष्य रखा है। उन्होंने बताया कि नेहरू के दौर में कांग्रेस पार्टी का एकाधिकार था, जबकि आज का दौर अत्यंत प्रतिस्पर्धी है। देवेगौड़ा के अनुसार, 1952 के आम चुनाव में महज 53 पार्टियाँ मैदान में थीं, वहीं 2024 तक आते-आते यह संख्या बढ़कर 2,593 हो गई है।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नेहरू के समय जहां 34 करोड़ की आबादी और 17 करोड़ मतदाता थे, आज भारत की जनसंख्या 140 करोड़ से अधिक हो गई है। बिना किसी राजनीतिक विरासत या सामाजिक विशेषाधिकार के, मोदी का लगातार तीन बार प्रधानमंत्री पद तक पहुँचना उनके व्यक्तिगत संघर्ष और जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है।

पूर्व प्रधानमंत्री ने मोदी सरकार की कैबिनेट की सराहना करते हुए इसे 'भारत की विविधता का प्रतिबिंब' बताया। उन्होंने कहा कि नेहरू के दौर की कैबिनेट में जहां जातीय विविधता का अभाव था, वहीं आज मोदी की टीम में OBC, SC, ST और महिलाओं का मजबूत प्रतिनिधित्व है। उन्होंने 'महिला आरक्षण विधेयक' के पारित होने को देश के लिए एक ऐतिहासिक कदम करार दिया।

देवेगौड़ा ने रेखांकित किया कि आज का भारत नेहरू के दौर की तुलना में कहीं अधिक 'मुखर और जागरूक' लोकतंत्र है। उन्होंने कहा कि आज का भारतीय नागरिक शिक्षित और अपने अधिकारों के प्रति सजग है। साथ ही सोशल मीडिया और चौबीसों घंटे चलने वाले समाचार चैनलों की कठिन परीक्षा के बावजूद मोदी जी ने एक मजबूत लोकतंत्र को बनाए रखा है।

उन्होंने लिखा कि पीएम मोदी तकनीक के माध्यम से जनता से सीधे जुड़ने वाले अद्वितीय नेता हैं। उनके 'मन की बात' कार्यक्रम और आम नागरिकों तक पहुंचने के उनके प्रयासों ने एक नया प्रतिमान स्थापित किया है। अपने लेख के समापन में देवेगौड़ा ने प्रधानमंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि पीएम मोदी एक ऐसे नेता हैं जो हमेशा खुद को खुली आलोचना और सार्वजनिक जांच के लिए तैयार रखते हैं। उन्होंने लिखा, "मोदी जी इसलिए सफल हैं क्योंकि वे 'विचारशील' हैं। वे न केवल एक प्रशासनिक प्रमुख हैं, बल्कि एक ऐसे सलाहकार की तरह हैं जो हर वर्ग के व्यक्ति के साथ सहानुभूतिपूर्वक जुड़ाव रखते हैं।"

Similar News