गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि पूर्वोत्तर का विकास और युवाओं के लिए रोजगार सृजन नरेंद्र मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अरुणाचल प्रदेश में 5,610 करोड़ रुपये से अधिक की चार प्रमुख विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करते हुए श्री शाह ने कहा कि केंद्र सरकार अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे गांवों में, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और आवश्यक सेवाओं तक पहुंच में सुधार लाने के लिए काम कर रही है।

जीवंत ग्राम कार्यक्रम का उल्‍लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने सीमावर्ती बस्तियों की छवि को देश के “अंतिम गांवों” से बदलकर “प्रारंभिक गांवों” के रूप में स्थापित किया है। यह दृष्टिकोण उनके रणनीतिक और विकासात्मक महत्व को रेखांकित करता है। श्री शाह ने बताया कि यह कार्यक्रम प्रारंभ में अरुणाचल प्रदेश के चीन सीमा से लगे गांवों में शुरू किया गया था। उन्होंने कहा कि 11 सीमावर्ती जिलों में मोबाइल मेडिकल यूनिट भी तैनात की गई हैं।

यह यूनिट टेलीमेडिसिन सुविधाओं, एआई-आधारित पोर्टेबल टीबी स्क्रीनिंग, डिजिटल एक्स-रे मशीनों, ईसीजी उपकरणों और आधुनिक प्रयोगशालाओं से सुसज्जित हैं। गृह मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में पूर्वोत्तर में संपर्क सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। अब इस क्षेत्र की राजधानियां रेल और हवाई सेवाओं से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने सड़क, रेल, हवाई और जलमार्ग अवसंरचना के विस्तार पर भी प्रकाश डाला। अरुणाचल प्रदेश में आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ाने का आह्वान करते हुए गृह मंत्री ने राज्य से दूध, अंडे, मांस और मछली के स्थानीय उत्पादन को मजबूत करने का आग्रह किया।

शुरू की गई पहलों में मिशन शिक्षित अरुणाचल – चरण II, मुख्यमंत्री का व्यापक राज्य विद्युत विकास कार्यक्रम और मुख्यमंत्री का व्यापक राज्य ग्रामीण सड़क विकास कार्यक्रम शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, जीवंत ग्राम कार्यक्रम के तहत 11 सीमावर्ती जिलों में 199 परियोजनाएं चल रही हैं। शाह ने मिशन सुरक्षा का भी शुभारंभ किया।