दिशोम गुरु शिबू सोरेन को विधानसभा परिसर में श्रद्धांजलि दी गई। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव, अन्नपूर्णा देवी और संजय सेठ ने भी किया नमन। मौके पर राज्य सरकार के मंत्रियों, सासंद और विधायक ने भी दिशोम गुरु को नमन किया
।
झारखंड की राजनीति के पुरोधा और झारखंड आंदोलन के प्रणेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार पैतृक गांव नेमरा (बोकारो) में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
अंतिम संस्कार में केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव, अन्नपूर्णा देवी और सांसद संजय सेठ शामिल होंगे। इसके अलावा कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत कई वरिष्ठ नेताओं के पहुंचने की संभावना है।
दिशोम गुरु शिबू सोरेन का निधन मंगलवार सुबह 81 वर्ष की आयु में दिल्ली में हो गया था। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। मंगलवार देर शाम उनका पार्थिव शरीर विशेष विमान से रांची लाया गया, जिसके बाद उनके आवास पर श्रद्धांजलि देने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
राज्य सरकार ने उनके निधन पर झारखंड में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। झारखंड की राजनीति में अमिट छाप छोड़ने वाले शिबू सोरेन के निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर है।